वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-
लखनऊ- सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) 10 जून को बहराइच में महाराजा सुहेलदेव राजभर का विजय दिवस मनाएगी। विजय दिवस पर आयोजित मेले के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ होंगे। अधिक संभावना है कि इस मेले का वर्चुअल उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करें। पार्टी प्रधानमंत्री का कार्यक्रम लेने की कोशिश कर रही है।
इस मेले को इसलिए अधिक महत्व दिया जा रहा है क्योंकि सालों से बहराइच में लगने वाले गाजी मियां मेला (जेठ मेला) की अनुमति इस बार प्रशासन ने नहीं दी है। अब बहराइच में महाराजा सुहेलदेव राजभर के नाम पर मेला लगने जा रहा है।
महाराजा सुहेलदेव के नाम पर मेला लगाए जाने की जानकारी देते हुए सुभासपा अध्यक्ष मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि 10 जून 1034 को बहराइच के नानपारा मैदान में हुए युद्ध में महाराजा सुहेलदेव ने महमूद गजनवी के सेनापति आक्रांता सैयद सालार गाजी को मार गिराया था। 10 जून को बहराइच में महाराजा सुहेलदेव के नाम पर मेले का आयोजन कर नया इतिहास रचने जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मोहम्मद गजनवी के सेनापति सैयद सालार मसूद गाजी तीन लाख की विशाल सेना के साथ भारत में लूट और विध्वंस फैलाते हुए आगे बढ़ रहा था तब बहराइच में महाराजा सुहेलदेव राजभर ने अपराजेय समझे जाने वाले आक्रांता सालार गाजी को परास्त किया। यह विजय भारत के सम्मान का प्रतीक था।
कभी भी कांग्रेस व सपा ने महाराजा सुहेलदेव के इस इतिहास को उजागर नहीं होने दिया। सवाल किया कि क्यों कांग्रेस सरकार ने दशकों तक महाराजा सुहेलदेव राजभर की वीरगाथा को इतिहास की पुस्तकों से दूर रखा। उन्होंने कहा कि यह सवाल सिर्फ राजनीतिक नहीं है यह हमारी अस्मिता, विरासत और बच्चों के भविष्य से जुड़ा है।
ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि मऊ सीट पर निर्वाचन आयोग उपचुनाव की घोषणा करता है तो एनरडीए गठबंधन के तहत सुभासपा इस सीट की मांग करेगी। नफरती भाषण में सजा होने से विधायकी गंवाने वाले अब्बास अंसारी सपा के नेता जरूर थे लेकिन वह सुभासपा के टिकट से विधायक थे।
राजभर ने यह भी कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष और ब्लाक प्रमुख चुनाव सीधे जनता से कराए जाने के का प्रस्ताव एक सप्ताह के अंदर केंद्र सरकार को भेज दिया जाएगा। ये चुनाव सीधे जनता से होने पर इस चुनाव से धनबल और बाहुबल का वर्चस्त समाप्त होगा। मुख्य्मंत्री भी इस प्रस्ताव से सहमत हैं।
राजभर बाहुल्य 62 सीटों पर इस निर्णय का लाभ लेना चाहेगी भाजपा-
बहराइच में महाराजा सुहेलदेव राजभर के नाम पर मेला लगाने के निर्णय के कई राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। यह निर्णय भाजपा के हिन्दुत्व वाले एजेंडे को बल देने वाला है। इससे भाजपा नेतृत्व वाली एनडीए गठबंधन को प्रदेश की 62 विधानसभा सीटों पर सीधे लाभ मिल सकता है। अधिकांश सीटें पूर्वांचल की हैं।
आजमगढ़, गोरखपुर, बस्ती, अयोध्या मंडल में इसका लाभ अधिक मिलेगा। राजभर बिरादरी की राजनीति करने वाली भाजपा सहयोगी सुभासपा का दावा है कि यूपी में 172 विधानसभा सीटें ऐसी हैं जहां पर राजभर बिरादरी के मतदाताओं की अच्छी तादाद है। 62 सीटें ऐसी हैं जहां पर 25 फीसदी से अधिक राजभर मतदाता हैं। सबसे अधिक लाभ पूर्वांचल की सीटों पर मिलेगा।